अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

खेत से उठीं आग की लपटें, मकान समेत खाक हो गई 70 क्विंटल फसल

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शंकरगढ़ (यमुनानगर) थाना क्षेत्र के सोनपुरा (जिगना) गांव में सोमवार को खेत से उठी आग ने विकराल रूप धारण कर किसान के घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में लगभग 70 कुंतल अनाज सहित सिंचाई उपकरण जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब ₹8 लाख का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत खेत में पड़े गेहूं के डंठलों से हुई, जो तेज हवा के कारण तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में लपटें सोनपुर निवासी शिव सजीवन त्रिपाठी के मकान के स्टोर रूम तक पहुंच गईं। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखा 70 कुंतल गेहूं, चना, सरसों, भूसा, सबमर्सिबल पंप और सिंचाई पाइप पूरी तरह जल चुके थे। मौके पर थाना शंकरगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button