स्कूली वाहनों के फिटनेस पर सख्तीः 12 का चालान, तीन वाहन सीज

भदोही (संजय सिंह). स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए विशेष प्रवर्तन अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई तेज कर दी है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) राम सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत 12 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर 3 वाहनों को निरुद्ध (सीज) कर दिया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर की गई।
प्रवर्तन जांच में सामने आया कि कई स्कूल बसें बिना वैध परमिट, कर अदायगी, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) और बीमा दस्तावेजों के संचालित हो रही थीं, जो Motor Vehicles Act के तहत गंभीर उल्लंघन है। कार्रवाई की जद में आए वाहनों में जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों की बसें शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान जांच किए गए वाहनों में उल्लेखनीय संख्या में दस्तावेजी कमियां पाई गईं, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ था।
एआरटीओ ने सभी स्कूल प्रबंधन और वाहन स्वामियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने वाहनों के सभी अनिवार्य प्रपत्र तत्काल दुरुस्त कराएं। चेतावनी दी गई है कि भविष्य में बिना पूर्ण दस्तावेजों के संचालित वाहनों पर चालान, सीज और पंजीयन निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि हजारों स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा सके।




