अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

बाग में बकरी चराने गई महिला के ऊपर वज्रपात, मौत

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के कोड़ापुर दुल्मापुर गांव में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला घर के पास आम के बाग में बकरी चरा रही थी। अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज गरज-चमक के बीच गिरी बिजली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, दुल्मापुर गांव निवासी कुसुम देवी (45), पत्नी ज्ञानचंद्र सरोज, रोजमर्रा की तरह बुधवार को घर के पास स्थित आम के बाग में बकरियां चराने और उनकी रखवाली करने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने की घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज चमक और जोरदार आवाज के साथ गिरी बिजली सीधे कुसुम देवी के पास आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया है कि घटना के समय मृतका के पति ज्ञानचंद्र सरोज और पुत्र रामू सरोज प्रयागराज शहर में मजदूरी करने गए हुए थे। सूचना मिलने पर दोनों तत्काल गांव पहुंचे, जहां घर का माहौल गमगीन हो गया। कुसुम देवी अपने पीछे पांच बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। इनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां अभी अविवाहित हैं, जिससे परिवार की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत की सूचना पुलिस को मिली है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना पत्र प्राप्त होते ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button