ब्लाक प्रमुख निर्मला देवी पर हमला, गुंडों ने स्कार्पियो में की तोड़फोड़, रुपये भी वसूले

बाइक में स्कार्पियो छू जाने पर बिगड़ी बात, अभद्रता का आरोप। शुक्रवार दोपहर सुरवल साहनी जाते समय नारीबारी में हंगामा
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). स्कार्पियो से एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहीं ब्लाक प्रमुख शंकरगढ़ निर्मला देवी पर नारीबारी में कुछ लोगो ने हमला कर दिया। आरोपित है कि इस दौरान निर्मला देवी की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। विरोध पर महिला प्रमुख के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। मारपीट व साड़ी खींचने की बात सामने आई है। जबरिया रुपया भी वसूला गया।
सरेआम दोपहर दो बजे हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर किसी तरह मामला शांत हुआ। मामले की शिकायत शंकरगढ़ पुलिस से की गई है। इस मामले में एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा ने बताया कि संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। महिला प्रमुख के साथ घटना कारित करने वालों के बख्सा नहीं जाएगा।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक एक मई, शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी (निवासी टिकरौंही कला, शंकरगढ़), ग्राम प्रधान बढ़इया पुष्पराज सिंह और अन्य सहयोगी एक स्कॉर्पियो से सुरवल साहनी में आयोजित निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। स्कार्पियो जैसे ही नारीबारी चौराहे के पास पहुंची, कुछ युवक बाइक से स्कार्पियो के आगे पहुंचे और वाहन छू जाने की बात पर विवाद खड़ा कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि बाइक सवार युवकों ने स्कॉर्पियो को जबरन रुकवाया, गाली-गलौच शुरू की और माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। बात बढ़ने पर प्रमुख निर्मला देवी, प्रधान पुष्पराज सिंह आदि के साथ हाथापाई हुई। स्कार्पियो का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया गया और रुपये भीवसूले गए।
घटना के बाद ब्लॉक प्रमुख नारीबारी पुलिस चौकी पहुंची और मामले की तहरीर दी। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूत्रों के मुताबिक, ब्लॉक प्रमुख देर रात तक थाने में मौजूद रहीं और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया। समाचार लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज किए जाने की प्रक्रिया जारी थी।

