एडीएम शैलेंद्र मिश्र की कार्यकुशलता और सरलता का कोई जवाब नहीः गौरांग राठी
स्थानांतरण होने पर अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र को प्रशासनिक अमले ने दी भव्य विदाई, किया सम्मानित
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). जनपद में एडीएम (वित्त) के पद पर तैनात रहे शैलेंद्र कुमार मिश्र के स्थानांतरण पर मंगलवार को उन्हे भव्य विदाई दी गई। कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों व आम जनता ने अपने अधिकारी को विदाई दी। भदोही में एडीएम (वित्त) के पद पर कार्यरत रहे शैलेंद्र कुमार मिश्र का तबादला सुल्तानपुर जनपद में सीआरओ (मुख्य राजस्व अधिकारी) के पद पर हुआ है।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विदाई व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शैलेंद्र कुमार मिश्र ने भदोहीवासियों, अधिकारियों, कर्मचारियों के स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा, भदोही में मेरे सेवाकाल में मुझे सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व जनता का भरपूर प्यार मिला, जो मेरे जीवन की अनमोल पूंजी है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि सेवा काल के दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र ने जनपद के विकास में नये प्रतिमान स्थापित किए। जिलाधिकारी ने कहा कि “जहां रहेगा वहीं रोशनी लुटाएगा, किसी चिराग का अपना मकां नहीं होता”। भदोही प्रशासन के प्रत्येक क्षेत्र में व हर पल उन्होंने अपनी अमूल्य सेवा, योगदान व मार्गदर्शन दिया।
एसपी डा. अनिल कुमार ने कहा, योग्य व कुशल प्रशासक के रूप में एडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्र का कार्यकाल शानदार रहा। समाज व देश के विकास में अपने मार्गदर्शन व योगदान से सबका मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे। सीडीओ यशवंत प्रताप सिंह ने अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र को सरल, कर्मठ व मिलनसार अधिकारी बताया। एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण सिंह ने उनके बेहतरीन प्रशासनिक मैनेजमेंट व कुशल नेतृत्व की सराहना की।
एएसपी राजेश भारती ने कहा कि वे एक अनुभवी, सरल अधिकारी होने के साथ ही साथ शासकीय कार्यो के लिए बेहतर मैनेजमेंट के अधिकारी भी हैं। सीएमओ डाक्टर संतोष कुमार चक ने उन्हें एक योग्य प्रशासक, उदार हृदय व मिलनसार व्यक्तित्व का धनी करार दिया।
विदाई समारोह में एसडीएम कृपाशंकर पांडेय, योगेंद्र साहू, आकाश कुमार, अश्विनी कुमार पांडेय, तहसीलदार विजय कुमार यादव, आरटीओ शारदा मिश्र, संचालनकर्ता राकेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्र के साथ अपने अनुभव साझा किए।
विदाई समारोह के क्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र के साथ भदोहीवासी, अधिकारी व कर्मचारी कलेक्ट्रेट सभागार में सामूहिक फोटो खिचवाते हुए इन मधुर पलों को यादगार बनाया। तत्पश्चात् अपर जिलाधिकारी की गाड़ी को फूलों से सजाकर, सम्मान प्रतीक स्वरूप गाड़ी को हाथ से आगे बढ़ाते हुए अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र को विदाई दी गई।
