सालभर से फरार चल रहे इनामिया गैंगस्टर को क्राइम ब्रांच ने दबोचा, बस्ती से की गिरफ्तारी
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). भदोही क्राइम ब्रांच ने सालभर से फरारी काट रहे इनामिया गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बस्ती जनपद से की गई है। अभियुक्त के खिलाफ 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है। अभियुक्त शराब की तस्करी करने वाले गिरोह का सदस्य है।
सब इंस्पेक्टर महेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना भदोही और क्राइम ब्रांच की संयुक्तपुलिस टीम ने फरारी काट रहे 15 हजार के इनामिया बलराम पुत्र जयराम (निवासी बिजासन, बड़वानी, इंदौर, मध्यप्रदेश) को धारा-3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के अभियोग में गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी बस्ती जनपद के हरइया बाजार, थाना हरइया से की गई है।
धरा गया गैंगस्टर अभियुक्त शराब तस्करी करने वाले गिरोह का शातिर सदस्य है। पूर्व में जनपदीय पुलिस द्वारा गिरोह को ट्रक सहित 3265 लीटर शराब व 30 खाली लोहे का ड्रम की बरामदगी (कीमत करीब 20 लाख रुपये) के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अभियुक्त के खिलाफ भदोही थाने में दो मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में चौकी प्रभारी रजपुरा, एसआई शिवनाथ सिंह, कांस्टेबल दीपक कुमार व क्राइम ब्रांच के सदस्य शामिल रहे।