कार में छिपा रखी थी 45 पेटी शराब, बिहार जा रहे दो अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार
निकाय चुनावके दौरान चेकिंग कर रही गोपीगंज व स्वाट की संयुक्त टीम ने गिरफ्तारी
कार से 45 पेटियों में 2160 पाउच फ्रूटी अंग्रेजी शराब और दो अदद फर्जी प्लेट बरामद
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). गोपीगंज और स्वाट की संयुक्त टीम ने बीती रात चेकिंग के दौरान एक कार (maruti car) से 45 पेटी शराब (liquor) बरामद की है, साथ ही दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों तस्कर राजस्थान मेड शराब कार में भरकर बिहार जा रहे थे और पुलिस चेकिंग से बचने के लिए नेशनल हाईवे छोड़कर जनपद के अंदर-अंदर से आगे बढ़ रहे थे।
एएसपी राजेश भारती ने बताया कि गोपीगंज, स्वाट और आबकारी विभाग की टीम निकाय चुनाव के मद्देनजर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोपपुर मोड़ के नजदीक पुलिस टीम ने एक मारुति कार को रोका और उसकी तलाशी ली तो पुलिस के होश उड़ गए। एक कार में दो तस्करों ने 45 पेटी शराब (liquor) छिपा रखी थी। राजस्थान मेड शराब को लेकर दोनों बिहार जा रहे थे।

एएसपी ने बताया कि कार (maruti car) से 45 पेटी, 2160 फ्रूटी पाउच 180ml (388.80 लीटर) अवैध अंग्रेजी और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई। शराब राजस्थान की बनी हुई है। कार सहित कुल दस लाख रुपये की बरामदगी हुई है। दोनों तस्करों के खिलाफ धारा- 60/63 आबकारी अधिनियम, 419, 420, 467, 468, 471 व 207 एमवी एक्ट का केस दर्ज किया गया है।
पूछताछ में पता चला कि दोनों एनएच पर की जाने वाली चेकिंग से बचने के लिए जनपद के अंदर के रास्ते से होते हुए बिहार का सफर तय करना चाह रहे थे। जांच से बचने के लिए अलग-अलग प्रांतों की नंबर प्लेट रखी थी। गोपीगंज पुलिस के हत्थे चढ़े तस्कर महिपाल गुर्जर उर्फ एमपी पुत्र उदयीराम (निवासी कटारियों का बास, हरसौर, अलवर, राजस्थान) और राहुल जांगीड़ पुत्र बिल्लूराम जांगीड़ (निवासी नारेडा, सारूड, कोटपुतली, जयपुर पश्चिम, राजस्थान) का चालान भेज दिया गया है। महिपाल गुर्जर के खिलाफ विभिन्न धाराओं वाले दस मामले पहले से पंजीकृत हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम में गोपीगंज प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह, एसआई मनोज कुमार राय, मोहम्मद शाबान, रमेशप्रताप सिंह, सरफराज अहमद, स्वाट प्रभारी प्रदीप कुमार, एचसीपी इमरान खान, तुफैल अहमद, आबकारी इंस्पेक्टर संजय कुमार श्रीवास्तव, एचसीपी अरविंद कुमार सिंह, उदयचंद्र सिंह आदि शामिल रहे।
