राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेसः रोशनी, रौनक, कृतिका, प्रियांश का जिला स्तरीय टीम में चयन
प्रयागराज. राजा कमलाकर इंटर कॉलेज शंकरगढ़ में नोडल स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रधानाचार्य व नोडल समन्वयक एपी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 17 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। सीनियर वर्ग में सात व जूनियर वर्ग में 10 प्रोजेक्ट प्रस्तुत करते हुए छात्र-छात्राओं ने वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, पारंपरिक रीति रिवाज का मानव स्वास्थ्य में प्रभाव, शिवराजपुर में तपेदिक रोग का अध्ययन का गंभीरता से रिसर्च पेपर प्रस्तुत किया।
सीनियर वर्ग में रोशनी केसरवानी व रौनक त्रिपाठी, जूनियर वर्ग में कृतिका केसरवानी, रुचि शुक्ला, प्रियांश केसरवानी, प्रियांशी ओझा व शुभी सिंह के प्रोजेक्ट जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया। प्रधानाचार्य अनय प्रताप सिंह ने चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से वैज्ञानिक सोच उत्पन्न होती है।
छात्र अपने आसपास की समस्या का वैज्ञानिक विधि से निदान करते हैं। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश धारिया ने किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 27 अक्टूबर को क्रॉस्थवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित होगी। कार्यक्रम में वकील प्रसाद शुक्ल, चंद्र बहादुर यादव, अनिल त्रिपाठी, अमन केसरवानी, गोल्डी गुप्ता उपस्थित रहे।
| भारत के भविष्य को गढ़ने की जिम्मेदारी शिक्षकों कीः महापौर |
| खेलकूद प्रतियोगिता में चांदनी को तिहरी सफलता, कबड्डी में CS डुहिया अव्वल |

