Varanasi: सिर्फ इस पार्टी को मिला लगातार चार बार जीतने का मौका, फिर रचा जाएगा इतिहास!

The live ink desk (संजय सिंह). लोकसभा चुनाव 2024 अंतिम दौर में है। छह चरणों का मतदान हो चुका है। सातवें चरण का मतदान एक जून को होगा। अंतिम चरण में देशभऱ की कुल 56 सीटों पर मतदान होना है। इसमें उत्तर प्रदेश की कुल 13 सीटें हैं। अंतिम चरण में यूपी की एक सीट वह भी है, जो देश को पिछले दो बार से प्रधानमंत्री देती आई है। वह सीट है वाराणसी।
इस सीट से कांग्रेस एक बार तो भाजपा दो बार हैट्रिक लगा चुकी है। भाजपा इकलौती ऐसी पार्टी है, जिसे इस सीट से लगातार चार बार जीतने का मौका मिला। जबकि हैट्रिक लगाने वाले प्रत्याशियों में कांग्रेस के रघुनाथ सिंह और भाजपा से शंकरप्रसाद जायसवाल का नाम शामिल है।
2024 के चुनाव में भाजपा की सीट निकलने पर भाजपा इकलौती ऐसी पार्टी हो जाएगी, जो वाराणसी सीट से लगातार चार बार जीतने का रिकार्ड दो बार बना लेगी और दो प्रत्याशियों की हैट्रिक भी हो जाएगी।
वाराणसी लोकसभा सीट पर अब तक हुए चुनावों की बात करें तो 1952 से 62 के बीच हुए तीन चुनावों में यह सीट कांग्रेस के पास रही।
1967 में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने इस सीट पर अपना खाता खोला था। इसके बाद 1971 में यह सीट फिर से कांग्रेस के पास चली गई, लेकिन अगले आम चुनाव 1977 जनता पार्टी ने यह सीट कांग्रेस से छीन ली।
1980 और 1984 के जनरल इलेक्शन में इस सीट से कांग्रेस को सफलता मिली, जबकि 1989 में जनता दल ने फिर से वापसी की। इसके बाद से इस महत्वपूर्ण सीट पर कांग्रेस के प्रभाव देखने को नहीं मिला। 1989 के बाद से अब तक आठ दफा लोकसभा चुनाव हो चुके हैं, जिसमें कांग्रेस को सिर्फ एक बार ही जीतन का मौका मिला।
1991 के चुनाव में वाराणसी लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के सिंबल पर श्रीशचंद्र दीक्षित ने खाता खोला तो फिर भाजपा ने यहां पीछे मुड़कर नहीं देखा। 1996 के चुनाव में भाजपा ने शंकरप्रसाद जायसवाल को मैदान में उतारा।
शंकरप्रसाद जायसवाल भाजपा के लिए तुरुप का इक्का साबित हुए और उन्होंने 1996, 1998 और 1999 का चुनाव लगातार जीता और हैट्रिक लगाई, इसी के साथ भाजपा ने लगातार चार बार चुनाव जीतने का पहला रिकार्ड भी बनाया।
साल 2004 में सत्ता में आई यूपीए सरकार की मुख्य पार्टी कांग्रेस ने वाराणसी सीट परवापसी की। पर, कांग्रेस की यह सफलता अगले ही चुनाव में भाजपा ने छीन ली। फिर आया 2009 का आम चुनाव।
यह चुनाव उस दौर में हो रहा था, जब यूपी की राजनीति में माफियाओं का बोलबाला था। साल 2009 के आम चुनाव में मुख्तार अंसारी वाराणसी सीट से चुनाव जीतते-जीतते रह गया था। यह चुनाव भाजपा के मुरली मनोहर जोशी ने जीता था। 2004 में हाथ में आई वाराणसी की सीट पर 2009 के चुनाव में भाजपा को एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा था।
2009 में मुरली मनोहर जोशी यहां से सांसद बने और इसके साथ ही भाजपा का विजयरथ यहां से चल निकला। 2014 और 2019 के चुनाव में लगातार भाजपा के सिंबल पर नरेंद्र मोदी जीतते रहे और दो बार वह देश की कमान संभाल चुके हैं। 2024 के रण में फिर से नरेंद्र मोदी मैदान में हैं। 2024 का चुनाव जीतने के साथ ही भाजपा इकलौती ऐसी पार्टी हो जाएगी, जो वाराणसी सीट से लगातार चार बार जीतने का रिकार्ड दो बार बना लेगी, साथ ही दो प्रत्याशियों की हैट्रिक भी हो जाएगी।


One Comment