राष्ट्रपति और सीएम मोहन यादव ने घटना पर जताया दुख
The live ink desk. मध्य प्रदेश के राजगढ़ जनपद में रविवार को आधी रात के वक्त हुए भीषण सड़क हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हुए हैं। मृतकों में तीन महिलाएं, तीन बच्चे और सात पुरुष शामिल हैं। इसमें सात लोग झालावाड़ और छह लोग बारा के निवासी हैं।
जानकारी के मुताबिक राजगढ़ के ग्राम मोतीपुरा से राजगढ़ के देहरीनाथ बारात जा रही थी। बारात में एक ट्रैक्टर-ट्राली भी शामिल थी, जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली पिपलोधीजाद के नजदीक पहुंची, अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 अन्य घायल हो गए हैं।
घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है, साथ ही गंभीर रूप से दो घायलों को भोपाल रेफर किया गया है। राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दीक्षित ने मीडिया को बताया कि एक ट्रैक्टर पर सवार होकर कुछ वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए राजस्थान से राजगढ़ आ रहे थे। राजस्थान-राजगढ़ बॉर्डर के नजदीक ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर हर्ष दीक्षित और एसपी आदित्य मिश्र मौके पर पहुंचे। राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने जिला अस्पताल राजगढ़ में पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में हुए हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर उन्होंने लिखा- मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मैं उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस पर ट्वीट करते हुए कहा, बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।




One Comment