
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत दिल्ली पब्लिक स्कूल के बच्चों ने पौधरोपण किया। जिला गंगा समिति, वन विभाग एवं डीपीएस के संयुक्त आयोजन में वन संरक्षक तुलसीदास शर्मा और प्रभागीय निदेशक अरविंद कुमार यादव ने दीप जलाकर कार्यक्रम का आगा किया।
वन संरक्षक ने सभी को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया, साथ ही पौधे का संरक्षण व देखभाल की भी जिम्मेदारी उठाने की अपील की। कहा कि यह सही समय है कि हम जागरूकता अभियान चलाएं और पेड़ों को बचाने और पर्यावरण की रक्षा के लिए सामूहिक पहल करें।

प्रभागीय निदेशक ने इस साल की थीम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पर चर्चा की और कहा जिस प्रकार हम अपनी माँ से प्रेम करते है और देखभाल करते हैं, उसी तरह हमें पेड़ लगाकर धरती मां को सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। जिला परियोजना अधिकारी ने पौधरोपण की शपथ दिलाई।
इसके पश्चात बाल पौधरोपण भंडारे में वन विभाग द्वारा बच्चों को 60 पौधे वितरित किए गए, साथ ही परिसर में आँवला, आम, अमरूद का पौधा लगाया गया। प्रधानाचार्य डा. सुजाता सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षक शिवली का खास सहयोग रहा। इस अवसर पर सोनू सिंह, एषा सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी रजनीश परमार्थ भी उपस्थित रहे।


