सीएचसी डीघ के लैब टेक्नीशियन को पुलिस ने उठाया
कोइरौना/भदोही (संजय मिश्र). सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघके लैब टेक्नीशियन नरेश पांडेय को पुलिस ने हिरासत में लिया है। नरेश पांडेय पर उपस्थिति पंजिका गायब करने का आरोप है। मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुलिस से की गई थी। उक्त प्रकरण में सीएचसी अधीक्षक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
यह भी पढ़ेंः किसे सुनाएं अपनी पीड़ाः अधीक्षक गए पढ़ाई करने, जिम्मेदार का फोन स्विच आफ!
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 13 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक कक्ष में रखी उपस्थिति पंजिका को नरेश पांडेय पर गायब करने का आरोप है। उपस्थिति पंजिका की खोज के लिए कोइरौना थाने से हेड कांस्टेबल रामरत और दो सिपाही आज सीएचसी डीघ आए थे। पूछताछ के दौरान लैब टेक्नीशियन नरेश पांडेय ने पुलिस कर्मियों से वाद-विवाद किया, जिस पर नरेश पांडेय को हिरासत में ले लिया गया और सीएचसी आए पुलिस कर्मी उन्हे लेकर कोइरौना थाने चले गए।
यह भी पढ़ेंः जिलाधिकारी गौरांग राठी ने किया इंडिया कारपेट एक्सपो-2022 का अवलोकन
बताते चलें कि नरेश पांडेय ने एक माह पूर्व अस्पताल पहुंचकर उपस्थिति पंजिका पर सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को अनुपस्थित कर दिया था। उनके इस कृत्य पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वेतन भी रोक दिया था। अब देखना यह है कि आए दिन विवादों में चर्चित रहने वाले इस कर्मचारी का स्वास्थ्य विभाग क्या इलाज करता है।


