पंचायत भवन में लगा हेल्थ कैंप, 150 महिलाओं-किशोरियों ने करवाई जांच

भदोही (संजय सिंह). सुरियावा ब्लॉक के सांडा गांव स्थित पंचायत भवन में मंगलवार को एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह शिविर वेलस्पन फाउंडेशन फॉर हेल्थ एंड नॉलेज तथा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
शिविर के दौरान करीब 150 से अधिक महिलाओं और किशोरियों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया तथा संस्था की ओर से नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
चिकित्सा परीक्षण के दौरान कई महिलाओं और किशोरियों में खून की कमी (एनीमिया) की समस्या सामने आई। इसके अलावा कुछ लोगों में एलर्जी, त्वचा रोग, सर्दी-खांसी और बुखार जैसी सामान्य बीमारियां भी पाई गईं, जिनका मौके पर उपचार किया गया।
कार्यक्रम में सुरियावा ब्लॉक की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) प्रेरणा कुशवाहा ने स्वयं गांव पहुंचकर मरीजों का परीक्षण किया और उपचार उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय लोगों ने भी सीएचओ और एएनएम द्वारा गांव में आकर उपचार प्रदान करने की पहल की सराहना की।
शिविर के आयोजन में ग्राम प्रधान अरविंद कुमार उर्फ छोटू, समाजसेवी संस्था मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के उमाशंकर केशा सहित अन्य स्थानीय लोगों ने सहयोग किया और ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।


