
पीएचसी नई बाजार में मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता शिविर का आयोजन
भदोही (संजय सिंह). प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नई बाजार (नगरीय) में गुरुवार को मानसिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। सीएमओ डा. एसके चक के निर्देशन में आयोजित शिविर का शुभारंभ चेयरमैन लालता सोनकर व पूर्व चेयरमैन दिलीप गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
चैयरमैन लालता सोनकर ने आम जनमानस से कहा, मानसिक रोग होने पर मनोचिकित्सक को दिखाना चाहिए न कि ओझा-तांत्रिक को। कहा, ओझाई और झाड़फूंक के चक्कर में पड़ने से मानसिक बीमारी और बढ़ती है। इसलिए यदि किसी को भी मानसिक रूप से अस्वस्थता महसूस हो तो तत्काल मनोचिकित्सक से संपर्क करें।

नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. अंजू मिश्रा ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी के साथ तनाव पर विस्तृत चर्चा की। नैदानिक मनोवैज्ञानिक डा. अशोक परासर ने तनाव के मनोवैज्ञनिक उपचार पर प्रकाश डाला। साथ ही अवसाद, चिंता, ओसीडी, मिर्गी, नशा, मोबाइल एडिक्शन, मानसिक मंदता, सायकोसिस आदि मानसिक बीमारियों की जानकारी देते हुए निराकरण के उपाय सुझाए।
इस दौरान आयोजित शिविर में कुल 15 मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को परामर्श दिया गया, साथ ही हेल्पलाइन 9118570599 पर भी जरूरत अनुसार संपर्क के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान दिलीप गुप्ता, दिनेश यादव, मनोचिकित्सकीय सामाजिक कार्यकर्ता डा. शांति, रितिका स्टॉफ नर्स, संदीप कुमार फार्मासिस्ट एवं समस्त कर्मचारीगण मौजूद रहे।


