
The live ink desk. देश की राजधानी नई दिल्ली में करोलबाग (Karol Bagh) में बुधवार एक तीन मंजिला मकान ढह गया। सुबह हुए इस हादसे के बाद मौके पर बचाव दल ने रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक आठ लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। रेस्क्यू आपरेशन जारी था।
उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुमेश कुमार दुआ ने बताया कि सुबह नौ बजे मकान केढहने की सूचना मिली थी। मकान तंग गलियों में स्थित था। इस वजह से राहत-बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। अब तक आठ लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
यह हादसा दिल्ली के मध्य जनपद में हुआ है। दिल्ली के बेहद भीड़भाड़ वाले करोलबाग (Karol Bagh) इलाके में एक मकान ढहने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इमारत का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से ढह गया है। जो नीचे के हिस्से पर टिका है।
मध्य जिले के डीसीपी एम हर्ष वर्धन के मुताबिक सूचना मिलते ही बापा नगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मलबे से निकाले गए लोगों को आरएमएल अस्पताल (RML Hospital) में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, अभी तक किसी की डेथ होने की ख़बर नहीं है।
दूसरी तरफ दिल्ली की नामित मुख्यमंत्री आतिशी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने सूचना मिलते ही जिलाधिकारी से बात कर पीड़ितों को हर संभव राहत पहुंचाने को कहा है।



