विश्व एड्स दिवसः पोस्टर–पेंटिंग के जरिए दिया गया स्वास्थ्य संदेश

खानम आर्ट गैलरी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, बच्चों ने की सहभागिता
प्रयागराज। विश्व एड्स दिवस पर सोमवार को खानम आर्ट गैलरी में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के चिकित्सकों, कलाकारों, छात्रों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि इसका उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना, इससे जुड़े भ्रम दूर करना और रोकथाम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना था।
गैलरी की निदेशक डॉ. ज़ाहेदा खानम और स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. सारा मुख्तार ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि एचआईवी संक्रमण को लेकर समाज में आज भी कई तरह की गलतफहमियां मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि “समय पर जांच, सुरक्षित व्यवहार और जागरूकता—ये तीन चीजें किसी भी व्यक्ति को इस संक्रमण से बचा सकती हैं।” विशेषज्ञों ने उपस्थित प्रतिभागियों को यह भी बताया कि एड्स का संक्रमण सामान्य संपर्क, भोजन साझा करने या साथ बैठने से नहीं फैलता। इसलिए मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग का वातावरण बनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने एड्स की रोकथाम, जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे विषयों पर आकर्षक और संदेशपूर्ण चित्र बनाए। कई पोस्टरों में ‘सुरक्षित जीवनशैली अपनाएं’, ‘भेदभाव न करें’, और ‘समय पर जांच जरूरी’ जैसे संदेश उकेरे गए।
गैलरी की दीवारों पर सजे पोस्टर और पेंटिंग्स कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही, जिन्हें देखकर आगंतुकों ने छात्रों की रचनात्मकता की सराहना की। आयोजन समिति ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित लोगों को एड्स की रोकथाम से जुड़ी उपयोगी जानकारियां प्रदान कीं और सामूहिक रूप से जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कैंपेन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



