अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

नकल पर नकेलः 103 साल बाद बदला उत्तर पुस्तिका का लेआउट

नकल रोकने के लिए यूपी बोर्ड ने उठाए कदम

प्रयागराज (आलोक गुप्ता)। यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। बोर्ड ने 103 वर्ष में पहली बार उत्तर पुस्तिकाओं का लेआउट बदल दिया है, जिससे कॉपियों की अदला-बदली अथवा किसी भी प्रकार की हेराफेरी की संभावना पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। नई कापियों में सुरक्षा के कई उन्नत प्रावधान शामिल किए गए हैं।

बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि इस बार 10वीं–12वीं की परीक्षाओं में प्रयोग होने वाली करीब 2.60 करोड़ कापियां प्रदेश के चार राजकीय मुद्रणालयों—प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी और रामपुर में छप रही हैं। जनवरी तक इन्हें सभी जिलों में भेज दिया जाएगा।

18 फरवरी से 12 मार्च तक परीक्षाएं

वर्ष 2026 की यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच होंगी। इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर 52,30,297 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में 27,50,945 और इंटरमीडिएट में 24,79,352 अभ्यर्थियों ने फार्म भरा है। समय से परीक्षा करवाने के लिए बोर्ड ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

लेआउट में किए गए बड़े बदलाव

पहले जहां उत्तर पुस्तिकाएं चौड़ाई वाले प्रारूप में होती थीं, वहीं इस बार उन्हें लम्बाई वाले लेआउट में तैयार किया गया है। ठीक उन्हीं कापियों की तरह जिनमें छात्र सामान्यतः लिखते हैं। इससे परीक्षार्थियों को सहजता मिलेगी और लेखन अनुभव बेहतर होगा।

अब हेराफेरी की गुंजाइश खत्म

नई उत्तर पुस्तिकाओं में कई सुरक्षा स्तर जोड़े गए हैं। हर पेज पर माध्यमिक शिक्षा परिषद का मोनोग्राम होगा। पहले से अधिक मजबूत कलर कोडिंग, पन्नों की सिलाई व्यवस्था को और सुरक्षित बनाया गया है। सभी श्रेणियों में रंग और पेज संख्या में बदलाव किया गया है।

कुछ ऐसी है नई कापियों की संरचना

इंटरमीडिएट की A कॉपी: 24 पेज, प्रथम पृष्ठ पर मैजेंटा कलर प्रिंट और B कॉपी: 12 पेज, ग्रीन कलर की होगी। इसी तरह हाईस्कूल की A कॉपी: 18 पेज, ब्राउन कलर और B कॉपी: 12 पेज, ग्रीन कलर की होगी। बोर्ड का दावा है कि इन नई व्यवस्थाओं से नकल माफिया की पूरी तरह कमर टूटेगी और कॉपियों की अदला-बदली की किसी भी प्रकार की संभावना समाप्त हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button