यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 13 की जलकर मौत, 70 से अधिक झुलसे

The live ink desk. उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे के कारण हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 127 के पास हुआ, जहां सात बसों और तीन-चार अन्य वाहनों की आपस में टक्कर के बाद आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कम दृश्यता के कारण पहले एक बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई, जिसके बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी चपेट में आ गए। टक्कर के बाद कई बसों और कारों में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। आग में बुरी तरह झुलसने के कारण कई शवों की पहचान संभव नहीं हो पाई है। मृतकों की पहचान डीएनए जांच के माध्यम से कराई जाएगी। घायलों को 20 एंबुलेंस की मदद से मथुरा और वृंदावन के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया हादसे की वजह घना कोहरा और कम दृश्यता प्रतीत हो रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। मौके पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पतालों में पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजा घोषित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं। हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा।
मथुरा प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
आगरा जिले के खंदौली टोल प्लाजा के पास तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मथुरा जिला प्रशासन ने हादसे से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0565-2403200 जारी किया है। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा (मो. 9454417583) और एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत (मो. 9454401103) से भी संपर्क किया जा सकता है।