अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे में चार की मौत

The live ink desk. उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों में गाजियाबाद निवासी अशोक अग्रवाल (57), आकाश अग्रवाल (35), अभिनव अग्रवाल (20) शामिल हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह ने बताया कि हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 241 के पास हुआ। टायर फटने के बाद कार नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय कार में मौजूद सभी एयरबैग खुल गए, लेकिन कोई भी सुरक्षित नहीं बचा। पुलिस और बचाव दल ने मलबे को क्रेन की मदद से हटाकर एक्सप्रेसवे पर जाम को बहाल किया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से एक गत्ता मिला है, जिस पर प्रतीक चिह्न थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार सवार लोग किसी राजनीतिक या सामाजिक कार्यक्रम में जा रहे थे। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हादसे की पूरी वजह पता करने में लगी है।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक के दौरान सड़क हादसा, दो की मौत

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार सुबह कोहरे के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक के दौरान दो वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

थाना प्रभारी निरीक्षक हैदरगढ़ अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के छपरा के ग्राम बाहुहारा निवासी बबलू (35) और यूपी के आजमगढ़ लालगंज हनुमानगढ़ निवासी दीपक कुमार (36) के रूप में हुई है। घायलों में आजमगढ़ के कैटी शंकरपुर निवासी मोहम्मद ताहिर (55), आसिफ (22) और कमरुद्दीन अंसारी शामिल हैं।

हादसे के संबंध में बताया गया कि सुबह हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के माइलस्टोन संख्या 42 पर स्कॉर्पियो कार अपनी अर्टिगा को ओवरटेक कर रही थी, इसी दौरान कोहरे के कारण दोनों वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा कार हवा में उछल कर खाई में जा गिरी। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए और परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई।

बस्ती में ट्रक और बस की टक्कर, चार की मौत, 10 घायल

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक प्राइवेट बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हरदिया कोतवाली क्षेत्र के पास हुआ।

डीआईजी संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे और घायलों को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संतकबीर नगर से बस यात्रियों को लेकर अजमेर शरीफ के उर्स में जा रही थी। बस में लगभग 60 लोग सवार थे। जैसे ही बस हरदिया के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में मारे गए लोगों की पहचान बस्ती निवासी अब्दुल्ला (60), मुख्तार अली (75), बस चालक संदीप पांडेय (32) और ट्रक चालक शिवराज सिंह के रूप में हुई है। जिलाधिकारी ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल प्रशासन को आदेश दिए और परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button