यातायात माह 2025 : नागरिकों को सिखाया ट्रैफिक नियमों का पाठ

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). पुलिस लाइन, प्रयागराज में नवंबर माह भर चले यातायात जागरूकता अभियान का भव्य समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 01 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में यातायात अनुशासन, सुरक्षा और कानून के प्रति जागरूकता को मजबूत करना रहा।
यातायात माह 2025 का यह अभियान प्रयागराज में जन-जागरूकता, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति नई चेतना जगाने वाला सिद्ध हुआ। नागरिक सहभागिता और प्रशासनिक समन्वय से यह कार्यक्रम भविष्य में भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
उच्चाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस आयुक्त जोगिंदर कुमार (आईपीएस) उपस्थित रहे। उनके साथ अपर पुलिस आयुक्त एन. कोलांची, अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार, पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप गुनावत, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद यादव तथा पुलिस उपायुक्त यातायात नीरज कुमार पांडे ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
सामाजिक सहभागिता से बना जन-आंदोलन
कार्यक्रम में व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स, वरिष्ठ समाजसेवी, टेंपो-टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ द्विवेदी तथा उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के वाइस चेयरमैन आर.एस. वर्मा (सेवानिवृत्त आईएएस) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति के सचिव संतोष कुमार ने अभियान को औपचारिकता से आगे बढ़कर एक सशक्त जन-आंदोलन बताया, जिसमें यातायात अनुशासन के साथ नारी सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर अपराध से बचाव पर भी विशेष फोकस रहा।
265 विद्यालयों तक पहुंची जागरूकता की अलख
यातायात माह के दौरान जिले की सभी तहसीलों, ब्लॉकों और नगरीय क्षेत्रों में स्थित 265 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना प्रभारियों और यातायात विभाग की टीम के सहयोग से 12,780 नागरिकों से यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। इन शपथ-पत्रों को समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को सौंपा गया।
प्रभावी संचालन और समर्पित सहभागिता
समापन समारोह का संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी, उप-प्राचार्य, कन्या पी.जी. कॉलेज, प्रयागराज द्वारा प्रभावशाली एवं सराहनीय ढंग से किया गया। अभियान की सफलता में उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के अनेक पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। एक माह तक चले कार्यक्रमों के संचालन में हसन-ए-नकवी (सचिव, पर्यावरण प्रकोष्ठ) की विशेष भूमिका रही।
प्रशासन और समिति ने दी शुभकामनाएं
अभियान की सफलता पर समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव, वाइस चेयरमैन आर.एस. वर्मा, संरक्षक न्यायमूर्ति राजीव लोचन मेहरोत्रा, प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी तथा पुलिस आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने समिति के सभी सदस्यों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को शुभकामनाएं दीं।


