माघ मेलाः पुलिस कमिश्नर ने लिया तैयारियों का जायजा

तैयारियों को लेकर प्रयागराज में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). माघ मेला–2026 की व्यापक तैयारियों के तहत रिज़र्व पुलिस लाइन्स स्थित तीर्थराज सभागार में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान माघ मेला क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर प्रमुख मार्गों, घाटों और महत्वपूर्ण स्थलों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया।
पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला अवधि में भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन योजनाओं का त्वरित, समन्वित और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में कम समय में निकासी क्षमता को कई गुना बढ़ाने की तैयारी हर स्तर पर रहनी चाहिए।

उन्होंने सभी चौराहों, तिराहों और ड्यूटी प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, कंट्रोल रूम से प्राप्त निर्देशों के तत्काल पालन, मेला क्षेत्र के प्रवेश मार्गों और घाटों पर निरंतर गश्त व चेकिंग के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर अतिक्रमण रोकने, अव्यवस्था न होने देने और श्रद्धालुओं को घाटों पर रुकने या सोने से रोककर उन्हें निर्धारित विश्राम स्थलों और शिविरों की ओर भेजने पर विशेष जोर दिया।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस आयुक्त ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ माघ मेला क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. अजय पाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक माघ मेला नीरज कुमार पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


