माघ मेला-2026: प्रमुख सचिव ने तैयारियों का लिया जायजा

व्यवस्थाओं में गति लाने के निर्देश, घाट, सड़क, पानी और स्वच्छता पर विशेष फोकस
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). माघ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर शासन स्तर पर निगरानी तेज हो गई है। प्रमुख सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन तथा नगर विकास विभाग पी. गुरूप्रसाद ने मंगलवार को मेलाधिकारी ऋषिराज और नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा के साथ मेला क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संगम नोज और घाट निर्माण की प्रगति की समीक्षा
प्रमुख सचिव ने सर्वप्रथम संगम नोज पहुंचकर वॉच टॉवर से मेला क्षेत्र का अवलोकन किया। यहां से उन्होंने संगम नोज और सेक्टर-4 में निर्माणाधीन स्नान घाटों की प्रगति देखी तथा नदी के जलस्तर, सेक्टरों की लोकेशन और घाटों की स्थिति की विस्तृत जानकारी मेलाधिकारी से प्राप्त की। इसके बाद सेक्टर-4 में महावीर पुल के पास स्नान घाट के लिए बढ़ाए जा रहे सर्कुलेटिंग एरिया के कार्य का निरीक्षण किया।

संगम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि मड पंप के माध्यम से सर्कुलेटिंग एरिया बढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है और शीघ्र ही बड़े क्षेत्र में स्नान घाट तैयार कर लिए जाएंगे। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
साधु-संतों से संवाद, मूलभूत सुविधाओं की जांच
प्रमुख सचिव ने साधु-संतों से बातचीत कर मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर उनकी राय जानी। साथ ही चकर्ड प्लेट बिछाने, सड़कों पर पानी छिड़काव, पेयजल आपूर्ति और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सेक्टर-6 में नए बस रहे शिविरों में पहुंचकर उन्होंने स्वयं पानी की आपूर्ति चालू कर देखी और कल्पवासियों से कनेक्शन से जुड़ी जानकारी ली।
जल आपूर्ति और अग्निशमन व्यवस्था पर जोर
अधिकारियों ने बताया कि सभी सेक्टरों में जलापूर्ति लाइन बिछ चुकी है। सेक्टर-4 और 5 में अधिकांश कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि सेक्टर-6 में शिविरों के विस्तार के साथ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। अब तक 67 शिविरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं। प्रमुख सचिव ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने सेक्टर-6 में स्थापित अग्निशमन केंद्र का भी निरीक्षण किया।
गंगा जल की स्वच्छता पर विशेष निगरानी
माघ मेला के दौरान गंगा जल की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रमुख सचिव ने नागवासुकी क्षेत्र में जिओ ट्यूब के माध्यम से ड्रेन वाटर प्यूरीफिकेशन के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रोसेस फ्लो डायग्राम के जरिए जलशोधन की प्रक्रिया को समझा और निर्देश दिए कि शोधन के बाद ही स्वच्छ जल गंगा में प्रवाहित किया जाए।
इस अवसर पर विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल, सचिव प्रयागराज विकास प्राधिकरण अजीत सिंह, जल निगम के मुख्य अभियंता संजय कुमार गौतम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

