एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठा मजदूर की धारदार हथियार से हत्या

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। दिलदारगंज असरावल कला गांव के बाहर एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने की सूचना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान 34 वर्षीय धर्मेंद्र उर्फ धनेश सोनकर पुत्र जुग्गुन सोनकर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव की स्थिति से हत्या सुनियोजित प्रतीत हो रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किया। पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों से तहरीर लेकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि धर्मेंद्र उर्फ धनेश (मृतक) एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। हत्या के कारणों और आरोपितों की पहचान के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

