डीएम ने सुनी फरियाद, माघ मेला की तैयारियां भी परखी

नववर्ष पर दफ्तर में जिलाधिकारी ने की सुनवाई। कहा- समस्या का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता
भदोही (सत्येंद्र द्विवेदी). नववर्ष 2026 के अवसर पर जिले में प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों का समन्वित रूप देखने को मिला। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने गंभीरता से सुना और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को नववर्ष की बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने फरियादियों से सीधे संवाद किया और प्रत्येक समस्या के प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नववर्ष का वास्तविक स्वागत तभी संभव है, जब आम नागरिकों की समस्याओं का निपटारा समय पर हो और प्रशासन की सेवाएँ सुचारू रूप से सभी तक पहुँचे।
कार्यक्रम में अपर जिला अधिकारी वि/रा कुंवर वीरेंद्र मौर्य, न्यायिक विजय नारायण सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारीगण और मीडिया बंधु उपस्थित रहे। सभी ने जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में नववर्ष 2026 के अवसर पर जिले के विकास, सुशासन और जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के संकल्प को साझा किया।
सुशासन, जनसेवा को प्रभावी बनाने पर बल
जनता दर्शन के बाद जिलाधिकारी ने अलग-अलग समय पर अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और मीडिया बंधुओं के साथ नववर्ष पर अनौपचारिक बैठक आयोजित की। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के चहुमुखी विकास, सुशासन और जनसेवा को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय, सकारात्मक दृष्टिकोण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा, “आइए, हम सभी मिलकर नववर्ष में उत्तम स्वास्थ्य, आनंद, खुशहाली और नई उमंगों का संचार करें। सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और देश की प्रगति की दिशा में अपने संकल्प को और सुदृढ़ करें, ताकि एक समृद्ध, सशक्त और समावेशी समाज का निर्माण हो सके।”
कैदियों द्वारा बनाई गई कालीन बढ़ाएगी शोभा
इस दौरान जिले के कारागार ज्ञानपुर के बंदियों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट कालीनों को माघ मेला प्रयागराज 2026 में प्रदर्शन और विक्रय के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर कालीनों से लदे वाहन को प्रयागराज के लिए रवाना किया। इन कालीनों पर मुख्यमंत्री द्वारा जारी माघ मेला का विशिष्ट लोगो बुनाई के माध्यम से उकेरा गया है।
कारागार अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में कुल 113 कालीन तैयार किए गए हैं। ये विभिन्न साइज और डिज़ाइन के हैं और प्रयागराज में सेक्टर-3, परेड ग्राउंड, किला चौराहा के निकट स्थित स्टाल पर आम जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। इन कालीनों की बिक्री से बंदियों को उनके परिवारों को आर्थिक सहायता देने का अवसर मिलेगा, साथ ही उनके कौशल और सामाजिक पुनर्वास को भी बढ़ावा मिलेगा।




One Comment