पौष पूर्णिमाः प्रयागराज में 31 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

हर-हर महादेव और जय गंगा मैया के उद्घोष से गुंजायमान हुआ मेला क्षेत्र
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). माघ मेला 2026 के प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के मौके पर देश-विदेश के कोने-कोने से आए 31 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। प्रथम स्नान के साथ ही विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन का शुभारंभ भी हो गया। इसी के साथ आज से माहभर चलने वाले कल्पवास का भी शुभारंभ हो गया है। जो पूरे माघ माह चलेगा, जबकि मेले का समापन महाशिवरात्रि के आखिरी स्नान के साथ होगा।
पौष पूर्णिमा स्नान के लिए शनिवार सुबह मेला क्षेत्र के कई मार्गों पर भारी भीड़ के कारण यातायात दबाव देखने को मिला। मेला क्षेत्र में बने सभी पांटून पुलों को वन-वे कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मेला क्षेत्र में स्नान के लिए बनाए गए अलग-अलग घाटों पर स्नान-ध्यान का सिलसिला अनवरत जारी है।




800 हेक्टेयर में बसी भव्य टेंट सिटी
इस वर्ष माघ मेले को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है। मेला क्षेत्र में करीब 800 हेक्टेयर में टेंट सिटी विकसित की गई है, जबकि पिछले आयोजन में यह क्षेत्र 768 हेक्टेयर का था। प्रशासन का अनुमान है कि इस बार माघ मेले में लगभग 15 करोड़ श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। उल्लेखनीय है कि महाकुंभ की तैयारियों के चलते वर्ष 2025 में माघ मेले का आयोजन नहीं हुआ था।
पहली बार जल एम्बुलेंस की सुविधा
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस बार माघ मेले में पहली बार दो रिवर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 80 एम्बुलेंस मेला क्षेत्र में तैनात की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्थायी अस्पतालों के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की है।
निगम की 3,800 रोडवेज बसें भी लगीं
श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए झूंसी बस अड्डे से 2,250 बसों का संचालन किया जा रहा है। पूरे मेला क्षेत्र में उत्तर प्रदेश रोडवेज की कुल 3,800 बसें लगाई गई हैं। साथ ही विभिन्न जिलों के लिए शटल बस सेवा भी उपलब्ध है। भारतीय रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन, रामबाग और झूंसी स्टेशनों पर कई ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया है, जिनमें लंबी दूरी की ट्रेनें भी शामिल हैं।
भारी संख्या में पुलिस बल किया गया तैनात
माघ मेला प्रभारी ऋषिराज तथा पुलिस अधीक्षक माघ मेला नीरज पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में सात अपर पुलिस अधीक्षक और 14 पुलिस उपाधीक्षक की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 29 निरीक्षक, 221 पुरुष उपनिरीक्षक, 15 महिला उपनिरीक्षक, 1,593 पुरुष मुख्य आरक्षी व आरक्षी तथा 136 महिला मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी मेला ड्यूटी में लगाए गए हैं। प्रशासन लगातार भीड़ पर नजर बनाए हुए है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पौष पूर्णिमा स्नान संग कल्पवास का शुभारंभ
संगम नगरी प्रयागराज में शनिवार तड़के पौष पूर्णिमा के पावन पर्व के साथ विश्व प्रसिद्ध माघ मेला और कल्पवास का शुभारंभ हो गया। शुभ मुहूर्त में जैसे ही भोर की पहली किरणें फूटीं, संगम तट ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इसी स्नान के साथ एक माह तक चलने वाले कल्पवास का भी विधिवत प्रारंभ हो गया।
देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पौष पूर्णिमा स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचे हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। भोर से ही संगम तट और आसपास के घाटों पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कल्पवासियों ने निर्धारित शिविरों में प्रवेश कर धार्मिक अनुष्ठान और साधना की तैयारियां शुरू कर दी हैं।


One Comment