अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

माघ मेला-2026: सेक्टर-2 के अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी, तैयारियों का लिया जायजा

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). माघ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मेला क्षेत्र में स्थापित चिकित्सीय व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाए गए अस्पतालों, प्राथमिक उपचार केंद्रों और एम्बुलेंस सेवाओं की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मेला सेक्टर-2 स्थित 20 शैय्या युक्त त्रिवेणी चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए डिप्टी सीएमओ, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक और तैनात चिकित्सकों से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, पुरुष एवं महिला वार्ड सहित अन्य विभागों का जायजा लिया और सभी व्यवस्थाओं को सुचारु व व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवाओं की उपलब्धता, उनकी गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट की भी जांच की। साथ ही एम्बुलेंस सेवाओं में उपलब्ध फर्स्ट एड सुविधाओं, दवाइयों की किट और रिस्पांस टाइम की जानकारी लेते हुए सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र का स्वास्थ्य मैप देखकर विभिन्न सेक्टरों में स्थित चिकित्सालयों की लोकेशन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मेला अवधि के दौरान किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित और समुचित चिकित्सा सहायता मिलनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के उपचार के लिए 20 शैय्या युक्त दो अस्पताल, 12 प्राथमिक उपचार केंद्र, एक वेक्टर कंट्रोल यूनिट, पांच आयुर्वेदिक और पांच होमियोपैथिक चिकित्सालय स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 50 एम्बुलेंस के संचालन की भी व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button