PPGCL के कर्मचारी की मौत, हृदयाघात की आशंका
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). पीपीजीसीएल बारा ताप विद्युत परियोजना में कार्यरत एक कर्मचारी की सोमवार दोपहर अचानक मौत हो जाने से प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कपारी निवासी अर्जुन पाठक (45) पुत्र दूधनाथ पाठक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे ड्यूटी के दौरान अर्जुन पाठक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत का स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आ सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात की आशंका जताई जा रही है। प्लांट चौकी प्रभारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
अर्जुन पाठक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके निधन से पत्नी और तीन बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




