प्रयागराज आ रहे हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संगम नोज पर करेंगे पूजन-अर्चन

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 जनवरी को प्रयागराज आ रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 10:20 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। आगमन के बाद वे सीधे संगम नोज जाएंगे, जहां विधिवत स्नान एवं पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करेंगे।
संगम दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री जगद्गुरु महामंडलेश्वर संतोषदास उर्फ सतुआ बाबा के शिविर में पहुंचेंगे। यहां वे श्री जगद्गुरु रामानंदाचार्य भगवान के 726वें जन्मोत्सव समारोह में सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं के साथ संवाद करते हुए मुख्यमंत्री धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक समरसता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं।
दोपहर 2:05 बजे मुख्यमंत्री आईसीसीसी सभागार पहुंचकर प्रशासनिक समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में प्रयागराज जनपद से जुड़े विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, आगामी आयोजनों की तैयारियों तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सहयोगी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ आवश्यक विचार-विमर्श भी करेंगे।
शाम 4:00 बजे मुख्यमंत्री विधि विश्वविद्यालय का भ्रमण करेंगे, जहां वे शैक्षणिक व्यवस्थाओं, बुनियादी सुविधाओं और विश्वविद्यालय के विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी लेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री प्रयागराज से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रशासनिक, धार्मिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
