उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

सोनभद्र में नशे के धंधे पर वार, मिनी ट्रक से 1.1 करोड़ का गांजा जब्त

एसओजी और हाथीनाला पुलिस की संयुक्त सफलता

सोनभद्र. उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। हाथीनाला थाना क्षेत्र में संयुक्त पुलिस कार्रवाई के दौरान एक मिनी ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य की नशीली खेप जब्त की गई।

चेकिंग के दौरान ट्रक रोकते ही भागने लगे तस्कर

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार, एसओजी और थाना हाथीनाला पुलिस टीम को तस्करी की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर हथवानी मोड़ पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध मिनी ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर ट्रक को रोक लिया और चालक समेत दो युवकों को हिरासत में ले लिया।

बोरियों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर ट्रक में लदी शीशे की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 19 प्लास्टिक बोरियों से कुल 442.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ दस लाख रुपये आंकी गई है। तस्कर इस खेप को ओडिशा के भुवनेश्वर से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद ले जा रहे थे।

पूछताछ में सामने आई तस्करी की पूरी साजिश

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वाहन मालिक के निर्देश पर हैदराबाद से जूट की बोरियों में शीशा लादकर भुवनेश्वर भेजा गया था। वाहन खाली होने के बाद उन्हें आगे खुर्दा स्थित एक होटल पर रुकने के निर्देश मिले। वहां से शीशे के साथ अन्य सामान के नाम पर गांजा लोड किया गया और बिल्टी के आधार पर फिरोजाबाद के लिए रवाना किया गया। रास्ते में मोबाइल फोन के माध्यम से दिशा-निर्देश दिए जाते थे। गांजे का भुगतान अधिकतर ऑनलाइन माध्यम से किया जाता था, जबकि कभी-कभी नकद लेनदेन भी होता था।

दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र निवासी जावेद बाबूलाल और नवी मुंबई निवासी इस्माइल हजरत जमादार को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना हाथीनाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है। पुलिस आगे भी ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखेगी, ताकि जिले और प्रदेश को नशा मुक्त बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button