विकास के पथ पर ज्ञानपुरः MLA विपुल दुबे ने रखा 800 करोड़ के विकास का लेखा-जोखा

भदोही (संजय सिंह). ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में बीते चार वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास कार्यों को अंजाम दिया गया है। करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, न्यायिक ढांचे और पर्यटन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पूरे किए गए। यह जानकारी क्षेत्रीय विधायक विपुल दुबे ने मिल्की आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान साझा करते हुए जनता के समक्ष विकास का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया।
जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास
विधायक विपुल दुबे ने कहा कि चार वर्ष पूर्व जनता ने जो भरोसा जताया था, उसे निभाने के लिए उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य किया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा कार्यकाल का अभी एक वर्ष शेष है और इस अवधि में क्षेत्र की शेष मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
डबल इंजन सरकार में विकास को मिली गति
विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में एक ही सरकार होने का लाभ ज्ञानपुर विधानसभा को मिला है। डबल इंजन सरकार के सहयोग से विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिससे किसी भी क्षेत्र में अधूरेपन की स्थिति नहीं रहने दी गई। उन्होंने इसे जनता के सहयोग और विश्वास का प्रतिफल बताया।
स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्थागत ढांचे में बड़ा निवेश
विकास कार्यों के तहत जिला अस्पताल, पॉलिटेक्निक संस्थान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला न्यायालय भवन, संस्कृत महाविद्यालय, स्टेडियम और पर्यटन से जुड़े ढांचागत कार्यों को नई गति मिली है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, उच्च शिक्षा के अवसर और प्रशासनिक सुविधाएं सुलभ हुई हैं।
सड़क-पुल परियोजनाओं से मजबूत हुई कनेक्टिविटी
विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण और संपर्क मार्गों के विस्तार से ग्रामीण और शहरी इलाकों की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। रामपुर (बिहरोजपुर) घाट और धनतुलसी–डेंगुरपुर घाट पर बने पक्के पुलों जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स से आवागमन सुगम हुआ है, जिससे व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।
आगे और तेज होगी विकास की रफ्तार
विधायक विपुल दुबे ने कहा कि इन परियोजनाओं के चलते ज्ञानपुर विधानसभा में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क सुविधा और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार देखने को मिला है। आने वाले समय में विकास की गति और तेज की जाएगी, ताकि क्षेत्र को समग्र विकास की दिशा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।




