अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

लालगंज में पुलिस मुठभेड़: एक बदमाश घायल,तीन गिरफ्तार

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव).  लालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार रात बाइक सवार तीन शातिर बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके दो साथियों को दौड़ा कर पकड़ लिया। तीनों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

जानकारी के मुताबिक एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय और सीओ लालगंज आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में लालगंज पुलिस कैथोला गांव के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। अचानक बाइक पलटने और भागने की कोशिश में बदमाश गिर पड़े और पैदल भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में राजकुमार वर्मा के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसके दोनों साथी अनुज सरोज और अजय पटेल को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। घायल राजकुमार को सीएचसी लालगंज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा, दो जिन्दा कारतूस और बिना नंबर प्लेट वाली बाइक बरामद की। साथ ही, तीन चोरियों से जुड़े लगभग 6,000 रुपये भी जब्त किए गए।

राजकुमार वर्मा लीलापुर थाना क्षेत्र के तिना चितरी गांव का निवासी है, जिसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथी अनुज सरोज (खंडवा गांव) और अजय पटेल (चौखड़ देवापुर गांव) के खिलाफ भी लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि सभी गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सुरक्षा कारणों से इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button