माघ मेला–2026: ADG ने लिया तैयारियों का जायजा, अनवरत निगरानी के निर्देश

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). माघ मेला–2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज जोन, श्री ज्योति नारायण ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के साथ थाना कोहंडौर क्षेत्र के मदाफरपुर स्थित पार्किंग स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेला अवधि में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए यातायात डायवर्जन, पार्किंग प्रबंधन, होल्डिंग एरिया, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी इंतजाम समय से पहले पूरी तैयारी के साथ लागू हों, जिससे माघ मेला के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न उत्पन्न हो।
अपर पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, सुरक्षित प्रवास और मजबूत कानून-व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और मौके पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्री शैलेन्द लाल, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री प्रशान्त राज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का उद्देश्य माघ मेला–2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुविधाजनक बनाना है।


एटीएल ग्राउंड का किया निरीक्षण
एडीजी जोन (प्रयागराज) ज्योति नारायण ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के साथ थाना कोतवाली देहात एडीजी जोन (प्रयागराज) ज्योति नारायण ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के साथ थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में स्थित एटीएल ग्राउण्ड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, स्वचालित शौचालयों की उपलब्धता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेला अवधि के दौरान सुगम यातायात, सुव्यवस्थित पार्किंग, स्वच्छता, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण की जाएँ।

