अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

घने कोहरे में बस-कार की टक्कर, दो की मौत, कई घायल

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). समीपवर्ती जनपद अमेठी में रविवार सुबह घने कोहरे ने कहर बरपाया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों दुर्घटनाओं में दृश्यता बेहद कम होने को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

गौरीगंज थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर से रायबरेली की ओर जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक बंद पड़ी स्टील फैक्टरी के पास सामने से आ रही कार ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान घने कोहरे में बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और कार दोनों अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरीं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य संभाला।

गौरीगंज क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस दुर्घटना में बस के अगले हिस्से में बैठे दीपक सिंह (45) पुत्र नरसिंह बहादुर सिंह, निवासी अन्नी बैजल थाना गौरीगंज तथा कार चालक ऋतुराज यादव (35) पुत्र बाबूलाल यादव, निवासी डिविता थाना पोखरा जनपद कौशांबी की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में अर्चना (23) पत्नी राम कश्यप, रेखा (22) पुत्री शिवलाल निवासी सराय भगमानी थाना गौरीगंज, नीरज पांडेय (50) पुत्र दीनानाथ निवासी डिविता थाना पोखरा जनपद कौशांबी और सुमन (30) पत्नी अजय यादव, निवासी सिंह थाना मुंशीगंज जनपद अमेठी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फुरसतगंज में बस और दूध लदे पिकअप की टक्कर

दूसरी ओर फुरसतगंज थाना क्षेत्र में भी घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। अकेलवा चौराहे के पास सुबह करीब 8:30 बजे रोडवेज बस और दूध से लदी पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में रोडवेज बस में सवार दो यात्री और पिकअप में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और ओवरटेक से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button