अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

पीएम आवासः प्रतापगढ़ में 7214 परिवारों के खाते में आई धनराशि

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 19 नगरीय निकायों में चयनित 7214 लाभार्थियों के बैंक खातों में आज पक्के मकान के निर्माण की पहली किस्त अंतरित की गई। यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जमा कर दी गई है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवार अपने पक्के आवास निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठा सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद बेल्हा, नगर पंचायत अंतू, डेरवा बाजार, ढकवा, गड़वारा, हीरागंज बाजार, कटरा गुलाब सिंह, कटरा मेंदनीगंज, कोहड़ौर, कुंडा, लालगंज, मानधाता, मानिकपुर, पट्टी, प्रतापगढ़ सिटी, पृथ्वीगंज, रामगंज, रानीगंज और सुवंशा नगर पंचायत के लाभार्थियों के खातों में धनराशि अंतरित की गई। इस अवसर पर 30 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

जरूरतमंदों तक पहुंच रहा लाभः जीतलाल पटेल

विधायक जीत लाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक समय पर पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस योजना से न केवल परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास मिल रहा है, बल्कि उनका जीवन स्तर भी बेहतर हो रहा है।

हर परिवार को मिलेगी पक्की छतः राजेंद्र कुमार

सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि देश में कोई भी गरीब परिवार बिना पक्की छत के न रहे और आज यह सपना प्रतापगढ़ में तेजी से साकार हो रहा है। लाभार्थियों ने अधिकारियों और कर्मचारियों के कुशल नेतृत्व और समर्पित प्रयास की सराहना की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button