अपराध समाचारउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलराज्य

यमुना एक्सप्रेसवेः चलती बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

मथुरा के राया क्षेत्र में हुआ हादसा, दिल्ली जा रही थी स्लीपर बस

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में गुरुवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बांदा से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और समय रहते की गई कार्रवाई से बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई।

घटना राया थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे की है। यमुना एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही बस (यूपी90-एटी-8837) में अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा।

अफरातफरी के माहौल में कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। बस में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। एक यात्री द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझाने के दौरान एहतियातन एक्सप्रेसवे पर यातायात रोक दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया।

थाना प्रभारी रवि भूषण शर्मा ने बताया कि बस में लगभग 30 यात्री सवार थे, जिनमें 10 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण टायर फटना बताया जा रहा है। सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।

प्रशासन की तत्परता और चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, वहीं इस घटना के बाद बसों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button