निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं परियोजनाएः डा. विनोद कुमार बिंद

भदोही सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न
भदोही (संजय सिंह). जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भास्कर, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सभी जनप्रतिनिधियों और लाभार्थियों तक पहुँचाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि सभी योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य है।
लाभार्थियों तक पहुंचाई जाएं योजनाएं
सांसद डॉ. बिंद ने एसीएमओ और कौशल विकास मिशन विभाग को निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड बनवाने और रोजगार मेलों के आयोजन के माध्यम से लाभार्थियों तक सुविधाएँ पहुँचाई जाएँ। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को भी सड़कों की मरम्मत और अतिक्रमण से संबंधित कार्य समयबद्ध पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपस्थित विधायक, जनप्रतिनिधि और ब्लॉक प्रमुखों ने अपने क्षेत्रों की विकासात्मक समस्याओं और आवश्यकताओं पर जानकारी दी।
डीएम ने की योजनाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की, जिनमें गारंटी योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, मिड-डे मील, सर्व शिक्षा अभियान, आईसीडीएस, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समयबद्ध कार्रवाई और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने सांसद को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक के मुख्य निर्णय एवं निर्देश
- मत्स्य विभाग: तालाब पट्टा आवंटन और लाभार्थी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए।
- ग्रामीण अभियंत्रण विभाग: सभी सड़कें मानक के अनुसार बनें।
- कृषि विभाग: बचे हुए 46,000 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री करवाई जाए ताकि 1 अप्रैल 2026 से पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ सुनिश्चित हो।
- नगर पालिका परिषद भदोही: किसी भी टेंडर या कार्य के अनुमोदन में बोर्ड बैठक अनिवार्य, महिला जनप्रतिनिधि की उपस्थिति सुनिश्चित।
- विद्युत विभाग: स्मार्ट मीटर में सुधार, खराब ट्रांसफार्मर बदलना, समयबद्ध विद्युत आपूर्ति और बिजली बिलों में गड़बड़ी न होने का ध्यान रखा जाए।
