राज्य महिला आयोग ने लगाई चौपाल, समस्याओं का किया निस्तारण

बेलखरनाथ धाम में आईं 35 शिकायतें, लखपति महिलाओं को दिया प्रमाणपत्र
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने जिले के बाबा बेलखरनाथधाम परिसर में आयोजित जनसुनवाई एवं जनचौपाल कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याओं को सीधा सुना और निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर 35 शिकायतें महिला उत्पीड़न से संबंधित प्राप्त हुईं। प्रतिभा कुशवाहा ने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित और गंभीर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा।

जनचौपाल कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया, जिसमें बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन शामिल थे। इस अवसर पर आयोग की सदस्य ने पाँच लखपति महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और एक बच्चे का अन्नप्रासन कराया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी राम बाबू विश्वकर्मा, सीओ पट्टी, खण्ड विकास अधिकारी सुरेन्द्र बहादुर सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी अभय शुक्ला और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्रतिभा कुशवाहा ने महिलाओं को यह संदेश भी दिया कि जनसुनवाई के माध्यम से वे अपने उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें सीधे महिला आयोग तक पहुँचा सकती हैं और आयोग उन्हें उचित राहत दिलाने में पूरी तरह संकल्पित है।



