अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

घूरपुर में सरकारी एंबुलेंस के चालक ने सड़क किनारे खड़े दो किशोरों को रौंदा

एक की घटनास्थल पर मौत, दूसरे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में निकले प्राण पखेरू

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). प्रयागराज-रींवा राजमार्ग (एनएच-30) पर शनिवार को तीसरे पहर सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। यह हादसा घूरपुर थाना क्षेत्र के छोटी कांटी में हुआ। रींवा की तरफ से आ रही एक सरकारी एंबुलेंस (102) ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। एक साथ दो-दो मौतों से छोटी कांटी में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक घूरपुर के छोटी कांटी निवासी शोभित पटेल (14) पुत्र दारा पटेल और रिंकू पटेल (17) पुत्र दुर्गा पटेल तीसरे पहर लगभग साढ़े चार बजे रींवा राजमार्ग के किनारे खड़े थे। इसी दौरान 102 एंबुलेंस रींवा की तरफ से आती दिखी। जब तक दोनों कुछ समझ पाते, एंबुलेंस ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और रौंदते हुए आगे निकल गई।

अस्पताल भी नहीं पहुंच पाया शोभित

इस हादसे में रिंकू पटेल की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि शोभित जीवित था। उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले बीच राह में उसकी भी मौत हो गई। बताया जाता है कि मेला की भीड़ के कारण एंबुलेंस जाम में फंस गई और शोभित अस्पताल भी नहीं पहुंच पाया। हादसे की सूचना पर मुकामी पुलिस पहुंच गई थी।

भीड़ ने चालक और सहायक को धुना

दूसरी तरफ आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो चालक भागने की कोशिश करने लगा और इसी दौरान वह एक ट्रैक्टर की ट्राली से टकरा गया। तब तक आसपास के लोगों ने दौड़कर एंबुलेंस को रोकवाया और चालक व खलासी को गाड़ी से बाहर निकाला। आक्रोशित लोगों ने दोनों की जमकर धुनाई भी कर दी। समाचार लिखे जाने तक घूरपुर पुलिस के द्वारा आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button