अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

जलेसरगंज में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान स्वाहा

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). लालगंज कोतवाली क्षेत्र के जलेसरगंज के समीप कटरा नहर स्थित पटेल मार्केट में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार, मनोज रेडीमेड फैंसी कपड़ा स्टोर में रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अचानक आग भड़क उठी। देर रात दुकान से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान मालिक मनोज पटेल को फोन कर सूचित करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क न होने पर वे भगवानदीन का पुरवा स्थित उनके घर पहुंचे और उन्हें मौके पर बुलाकर लाए।

दुकान का ताला खुलते-खुलते आग विकराल रूप ले चुकी थी, जिससे अंदर रखा सारा कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू न पा सकने के बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

घटना की सूचना पर लालगंज कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों ने राहत कार्य में सहयोग किया और एहतियातन धारूपुर पावर हाउस से विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पूर्व भी कटरा नहर के पास स्थित एक किराना की दुकान में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है, जिससे व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button