गणतंत्र दिवस पर न्यू कैंट में ध्वजारोहण करेंगे पूर्व सैनिक
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति, प्रयागराज के तत्वावधान में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री तपोवन पार्क स्थित सत्संग भवन, न्यू कैंट में प्रातः 10:30 बजे ध्वजारोहण के साथ आरंभ होकर अपराह्न 2:30 बजे तक चलेगा।
समारोह का मुख्य आकर्षण ध्वजारोहण कार्यक्रम रहेगा, जिसे मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अमर यादव (सेवानिवृत्त), उत्तम युद्ध सेवा मेडल एवं सेना मेडल से सम्मानित अधिकारी, अपने कर-कमलों से संपन्न कराएंगे। इसके पश्चात देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कवि सम्मेलन तथा विशिष्ट अतिथियों के प्रेरक उद्बोधन आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर सांसद, विधायक, महापौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे और पूर्व सैनिकों को अपनी शुभकामनाएं देंगे। आयोजन को एक व्यापक सामाजिक स्वरूप देते हुए कार्यक्रम स्थल पर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर भी लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य शिविर में जीवन ज्योति हॉस्पिटल, विनीता हॉस्पिटल, नारायण स्वरूप हॉस्पिटल, डीआरएस हॉस्पिटल, बृजरानी हॉस्पिटल, अंकुर हॉस्पिटल तथा एमजीएम हॉस्पिटल सहित कई प्रमुख चिकित्सा संस्थान अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे, जिससे आमजन लाभान्वित होंगे।
कार्यक्रम में वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य, यूनाइटेड फोरम पेंशनर्स एसोसिएशन से जुड़े पेंशनर संगठन के प्रतिनिधि, पतंजलि योग समिति प्रयागराज के योग प्रशिक्षक तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आयोजकों ने शहरवासियों और पूर्व सैनिक परिवारों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने और इस राष्ट्रीय आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की है। समिति ने इसे “आप सबका, आप सबके लिए” आयोजित एक राष्ट्रभक्ति से प्रेरित कार्यक्रम बताते हुए सभी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया है।


