डिजिटल प्लेटफॉर्म से देशभर तक आयुष की पहुंचः आयुषएक्सील और जेप्टो के बीच करार

नई दिल्ली. देश में आयुष औषधियों और स्वास्थ्य रक्षा उत्पादों की डिजिटल उपलब्धता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आयुष मंत्रालय की पहल पर आयुष निर्यात प्रोत्साहन परिषद (आयुषएक्सील) और जेप्टो लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, प्रमाणित और भरोसेमंद आयुष उत्पादों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए देश के कोने-कोने तक पहुंचाना है।
वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म आयुष उत्पादों की प्रामाणिकता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नवाचार-आधारित भारतीय स्टार्टअप्स, जैसे जेप्टो, पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आमजन तक सुरक्षित स्वास्थ्य विकल्प पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
मंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन से जोड़ा, जिसमें भारत की प्राचीन आयुष परंपराओं को डिजिटल इंडिया के मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ एकीकृत करने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उपभोक्ताओं को विश्वसनीय विकल्प उपलब्ध कराएगा, वहीं आयुष निर्माताओं—विशेषकर एमएसएमई—के लिए नए बाजारों के द्वार खोलेगा।
इस समझौता ज्ञापन पर आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा की उपस्थिति में आयुषएक्सील के अध्यक्ष अनुराग शर्मा और जेप्टो के सह-संस्थापक एवं सीईओ कैवल्य वोहरा ने हस्ताक्षर किए।
आयुषएक्सील अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा कि यह करार आयुष क्षेत्र में कार्यरत एमएसएमई उत्पादकों को एक संरचित डिजिटल मार्ग प्रदान करेगा, जिससे वे बिना गुणवत्ता और नियामकीय मानकों से समझौता किए व्यापक उपभोक्ता वर्ग तक पहुंच सकेंगे।
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता, नियामकीय अनुपालन और जनविश्वास मंत्रालय की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने बताया कि इस सहयोग के तहत आयुष क्वालिटी मार्क जैसे गुणवत्ता आश्वासन तंत्रों को बढ़ावा दिया जाएगा, साथ ही विज्ञान-आधारित और प्रमाणिक जानकारी को जिम्मेदार तरीके से प्रसारित किया जाएगा।
जेप्टो के सह-संस्थापक और सीईओ श्री कैवल्य वोहरा ने कहा कि इस साझेदारी के अंतर्गत जेप्टो अपने प्लेटफॉर्म पर एक समर्पित आयुष स्टोरफ्रंट विकसित करेगा। इससे उपभोक्ता सत्यापित आयुष उत्पादों को आसानी से खोज सकेंगे और पारदर्शी सोर्सिंग व अनुपालन के साथ एक सहज डिजिटल अनुभव प्राप्त करेंगे।
समझौता ज्ञापन की प्रमुख विशेषताएं
- जेप्टो प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह समर्पित आयुष स्टोरफ्रंट की स्थापना।
- आयुष क्वालिटी मार्क (AQM) के अनुपालन को बढ़ावा।
- आयुषएक्सील द्वारा योग्य आयुष निर्माताओं, विशेषकर एमएसएमई, की पहचान और डिजिटल ऑनबोर्डिंग।
- उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए संयुक्त अभियान।
- आयुष प्रणालियों पर प्रमाणिक और शैक्षिक सामग्री का विकास व प्रसार।
यह पहल न केवल आयुष उद्यमियों को तेजी से बढ़ते डिजिटल बाजार से जोड़ने में सहायक होगी, बल्कि देशभर में गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद आयुष उत्पादों की उपलब्धता को भी सुनिश्चित करेगी। साथ ही यह कदम डिजिटल इंडिया, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और मेक इन इंडिया जैसे राष्ट्रीय अभियानों के अनुरूप आयुष को वैश्विक स्वास्थ्य और कल्याण प्रणाली के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
