शंकरगढ़ में भाकियू का जोरदार प्रदर्शन, भ्रष्टाचार पर जमकर नारेबाजी

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शंकरगढ़ विकास खंड में सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू, प्रयाग) ने विकासखंड कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों किसान, मजदूर और महिलाएं धरने पर बैठी और नारेबाजी करते हुए प्रशासन से फाइलों में दिख रहे कामों की वास्तविक जांच की मांग की।
भाकियू पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नीबी और अकौरिया पंचायतों समेत कई ग्राम पंचायतों में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, नाली-सड़क, हैंडपंप, पेंशन जैसी योजनाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हो रही है। मजदूरों के जॉब कार्ड होने के बावजूद उन्हें काम नहीं दिया जा रहा, मस्टर रोल फर्जी तरीके से भरे जा रहे और मजदूरी बिचौलियों के खातों में जा रही है। यूनियन का कहना है कि योजनाओं के अधिकांश कार्य केवल कागजों में पूरे दिखाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविक क्रियान्वयन बेहद सीमित है।
नीबी के सचिव पर लगाए गए गंभीर आरोप
विशेषकर नीबी ग्राम पंचायत के सेक्रेटरी पर यूनियन ने सबसे कड़ा हमला किया। पदाधिकारियों का आरोप है कि सेक्रेटरी अक्सर गाँव में दिखाई नहीं देते और बाहर रहकर ही योजनाओं की खामियां पूरी कर देते हैं। धरने में शामिल महिलाओं ने कहा कि गरीबों तक मनरेगा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुँच रहा और शिकायत करने पर केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन जमीनी कार्रवाई नहीं होती।
धरने को देखते हुए शंकरगढ़ थाने के उपनिरीक्षक शिव कुमार यादव ने खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह से संपर्क कर भाकियू पदाधिकारियों के साथ बातचीत कराई। खंड विकास अधिकारी ने जांच, दोषियों पर कार्रवाई और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने की चेतावनी
भाकियू (प्रयाग) ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरने के बाद विकासखंड में प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। यूनियन ने सीएचसी पर भी कई शिकायतें उठाते हुए सभी समस्याओं के समाधान की मांग की।
धरने का नेतृत्व भाकियू (प्रयाग) के जिला उपाध्यक्ष ऋषि पांडेय, जिला संगठन मंत्री रूपेंद्र यादव, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील पटेल, राजेश कुमार, संतलाल चौधरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष बेबी चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया। सैकड़ों कार्यकर्ता और महिलाएं इस धरने में शामिल रही।


