पायलटों की जान बचाने वाले तीनों युवक सम्मानित,एक लाख रुपये का प्रोत्साहन

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाले तीन स्थानीय नागरिकों को जिला प्रशासन ने सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया है। गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने संगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंकज सोनकर, लाल साहब निषाद और आलोक यादव को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
यह सम्मान विद्यावाहिनी स्कूल के समीप तालाब में प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान के दोनों पायलटों की जान बचाने के लिए किए गए उनके साहसिक प्रयासों के लिए दिया गया। जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के अंतर्गत दी गई यह प्रोत्साहन राशि ऐसे मानवीय और जोखिमपूर्ण कार्यों को समाज में बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि तीनों युवकों का यह कार्य अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके प्रयासों से न केवल दो पायलटों की जान बची, बल्कि जनपद प्रयागराज की सकारात्मक छवि भी उजागर हुई है। प्रशासन ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के अन्य लोगों को भी आपात स्थितियों में आगे आने के लिए प्रेरित करते हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक ट्रेनी विमान विद्यावाहिनी स्कूल के पास स्थित तालाब में गिर गया था, जिससे दोनों पायलट गंभीर संकट में फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पंकज सोनकर, लाल साहब निषाद और आलोक यादव ने बिना देर किए तालाब में उतरकर दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सम्मान समारोह के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूजा मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे और तीनों साहसी नागरिकों की सराहना की।



