अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

बल्ब की रोशनी से अछूते मजरों तक जल्द पहुंचाएं बिजली के तारः जिलाधिकारी

अविद्युतीकृत गांवों तक बिजली पहुंचाने पर प्रशासन सख्त, डीएम ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). जनपद के प्रत्येक घर तक बिजली पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर जिला प्रशासन ने रफ्तार बढ़ा दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारत सरकार की आरडीएसएस–यूईएचएच (RDSS-UEHH) योजना के तहत अविद्युतीकृत घरों को विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि इस योजना में प्रयागराज जनपद के 929 मजरों में विद्युतीकरण किया जाना है और 19,461 आवासों को बिजली कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक 316 मजरों में कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि 186 मजरों में विद्युतीकरण का कार्य प्रगति पर है। इन क्षेत्रों में 10,754 कनेक्शन प्रस्तावित थे, लेकिन अब तक केवल 5,902 आवेदन ही प्राप्त हो सके हैं। वहीं 424 मजरों में अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है, जहां आवेदन मिलने के बाद ही विद्युतीकरण संभव होगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष मजरों में निवासरत परिवारों को विद्युत कनेक्शन के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। उन्होंने जिला पंचायतीराज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधानों और सचिवों को पत्र भेजकर इस विषय में प्रभावी संवाद सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक में घरेलू एवं छोटे वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए संचालित विद्युत बिल राहत योजना–2025 की भी समीक्षा की गई। यह योजना 1 दिसंबर 2025 से लागू है और तीन चरणों में संचालित की जा रही है। योजना के तहत नवंबर 2025 तक लगे ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट तथा मूल बकाया में पहले चरण में 25 प्रतिशत, दूसरे चरण में 20 प्रतिशत और तीसरे चरण में 15 प्रतिशत की राहत दी जा रही है।

समीक्षा में सामने आया कि यमुनापार और गंगापार क्षेत्र में योजना के अंतर्गत 3,74,927 उपभोक्ताओं का पंजीकरण होना था, लेकिन 28 जनवरी 2026 तक मात्र 90,850 उपभोक्ताओं ने ही पंजीकरण कर लाभ उठाया है। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शेष उपभोक्ताओं का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, मुख्य अभियंता (वितरण) प्रयागराज क्षेत्र-द्वितीय अशोक कुमार तथा अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल-प्रथम लोकेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button