उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

साइकिल से सेहत और पर्यावरण का साझा संदेश, गोपीगंज में निकली जागरूकता यात्रा

साइकिलिंग क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अताउल मुस्तफा अंसारी के आह्वान पर शामिल हुए युवा

भदोही (संजय सिंह). स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से भदोही साइकिलिंग क्लब ने रविवार को एक प्रभावशाली साइकिल जागरूकता यात्रा का आयोजन किया। इस अभियान ने शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आमजन को यह संदेश दिया कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की कुंजी है। यात्रा का नेतृत्व क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अताउल मुस्तफा अंसारी ने किया, जिनके आह्वान पर बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने सहभागिता की।

साइकिल यात्रा का शुभारंभ गोपीगंज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़ा चौराहा से हुआ। यह यात्रा ज्ञानपुर रोड, नगर पालिका क्षेत्र होते हुए फूलबाग पहुंची, जहां समाजसेवी मदन चंद श्रीवास्तव के आवास पर प्रतिभागियों का पुष्पमालाओं और तालियों के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉ. नवीन श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए समाजसेवी मदन चंद श्रीवास्तव ने कहा कि साइकिल चलाना सर्वांग व्यायाम है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ पर्यावरण को भी प्रदूषण से बचाता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि दैनिक जीवन में कम से कम आधा घंटा योग और व्यायाम को समय दें तथा आसपास के कार्य साइकिल से करें। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि वाहनों से निकलने वाले धुएं में भी कमी आएगी। उन्होंने भदोही साइकिलिंग क्लब के प्रयासों को अनुकरणीय बताया।

डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने आधुनिक जीवनशैली पर चिंता जताते हुए कहा कि देर रात तक जागना और सुबह देर से उठना अनेक बीमारियों की जड़ बन चुका है। उन्होंने स्वस्थ दिनचर्या अपनाने, ब्रह्म मुहूर्त में उठने और नियमित योग, व्यायाम व खेल को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

इसके पश्चात मदन चंद श्रीवास्तव और डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रा को पुनः रवाना किया। यात्रा बड़ा चौराहा, लाई बाजार, पड़ाव, स्टेशन रोड, गेराई, भगवतपुर, केड़वरिया, महात्मा गांधी लिंक मार्ग, खड़हट्टी मोहाल, मिर्जापुर रोड तथा काली देवी क्षेत्र सहित विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई उत्सव लॉन, मिर्जापुर पर संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान “वृक्ष लगाओ-पर्यावरण बचाओ”, “स्वस्थ रहे-मस्त रहे”, “करो योग-रहो निरोग”, “सुबह की हवा सौ रोगों की दवा”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” जैसे नारों से पूरा वातावरण जागरूकता और उत्साह से भर उठा।

इस अभियान में प्रवीण श्रीवास्तव, पंकज सिंह, जयप्रकाश दुबे, बनारसी बिंद, प्रमोद मौर्या, राजू बाजीगर, विष्णुकांत पांडे, मोहम्मद असलम, श्याम सुंदर बिंद, राजीव जायसवाल, सरफराज अहमद, जिगर गुप्ता, हिमांशु चौधरी, अबरार हाशमी, कार्तिक सुनील, फैज आलम, कमलेश कश्यप, महमूद आलम, उज्जवल गुप्ता, अबू हुरैरा, हिमांशु बिंद, जावेद हाशमी, रितिक कनौजिया, मैनुद्दीन अली, आशीष बिंद, अज़हान खान, आनंद बिंद, मुज्तबा अंसारी, रोहित बिंद, मैनू अली, अभी कनौजिया, फैज शेख, अनुज चौधरी, मोहम्मद इमरान, रितिका कनौजिया, फैजान अहमद, नकिउद्दीन शेख सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

संपूर्ण कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि यदि समाज एकजुट होकर छोटे-छोटे प्रयास करे, तो स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button