
The live ink desk. फरवरी के पहले दिन से ही 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ा दी गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 49 से 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलो के रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है, यानी घर के किचन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
आईओसीएल की जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर अब 1,740.50 रुपये में उपलब्ध है, जो जनवरी में 1,691.50 रुपये था। कोलकाता में इसका नया रेट 1,844.50 रुपये तय हुआ है, जबकि मुंबई में 1,692 रुपये और चेन्नई में 1,899.50 रुपये कर दिया गया है।
अप्रैल से स्थिर है घरेलू गैस की कीमत
वहीं, घरेलू रसोई गैस की कीमत पिछले साल 8 अप्रैल के बाद से स्थिर है। दिल्ली में 14.2 किलो सिलेंडर का रेट 853 रुपये है। कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये, चेन्नई में 868.50 रुपये, लखनऊ में 890.50 रुपये, अहमदाबाद में 860 रुपये, हैदराबाद में 905 रुपये, वाराणसी में 916.50 रुपये और पटना में 951 रुपये हैं।
अंतरराष्ट्रीय मार्केट में बढ़ी गैस की कीमत
विशेषज्ञों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत हर महीने अंतरराष्ट्रीय गैस की कीमत और टैक्स ढांचे के आधार पर तय की जाती है। जनवरी में अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमत बढ़ने के कारण कमर्शियल सिलेंडर महंगा किया गया। यही वजह है कि फरवरी में सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े, जबकि घरेलू सिलेंडर पर कोई असर नहीं पड़ा।


