इनामिया गैंगस्टर महाराष्ट्र से गिरफ्तार, प्रतापगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना पट्टी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अंचल पांडेय को पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर लूट, धोखाधड़ी और चोरी समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेंद्र लाल और क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी पट्टी आनंद पाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को डोंबिवली पूर्व क्षेत्र के मानपाड़ा थाना अंतर्गत पलावा कंस्ट्रक्शन क्षेत्र से दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त अंचल पांडेय (22 वर्ष), निवासी ग्राम रामपुर खागल, थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़, थाना पट्टी में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ मारपीट, रंगदारी, चोरी, लूट और धोखाधड़ी से जुड़े कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोह को बड़ा झटका लगा है। अभियुक्त को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय अंचल, कांस्टेबल राघवेंद्र यादव और पंकज यादव शामिल रहे।

