खेत में मिला अज्ञात युवक का शव, समीप ही मिली मोटरसाइकिल

जौनपुर. जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वरुणा नदी के किनारे सरसों के खेत में एक युवक का क्षत-विक्षत शव पाया गया। शव की हालत इतनी भयावह थी कि मौके पर पहुंचे ग्रामीण सहम गए। प्रथम दृष्टया यह मामला नृशंस हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना रामपुर थाना क्षेत्र के आशापुर फेरूपुर गांव की है। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर घाट के पास पड़े शव पर पड़ी। युवक की उम्र लगभग 23 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक का चेहरा ईंट से बुरी तरह कुचला गया था, जिससे उसकी पहचान छिपाने का प्रयास किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा को अवगत कराया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटनास्थल पर एक से अधिक लोगों की मौजूदगी की आशंका है। शव से कुछ दूरी पर एक बाइक बरामद की गई है, जिसके साइलेंसर पर जूते के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। इसके अलावा आसपास शराब की बोतलें भी पड़ी मिलीं, जिनमें से एक बोतल टूटी हुई थी। इन परिस्थितियों से अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले वहां शराब पार्टी हुई हो सकती है, जिसके बाद युवक पर धारदार हथियार और ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया।
फॉरेंसिक टीम ने खून के धब्बे, पैरों के निशान और अन्य भौतिक साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस युवक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है और आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया जाएगा।



