प्रयागराजः रात के दूसरे पहर युवक को पीटकर मार डाला

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के झूंसी थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव के भीतर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। हमले में लकड़ी के पटरे का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। सुबह जब ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार दौलापुर बजहा गांव निवासी 28 वर्षीय कुलदीप बिन्द, पुत्र राम मूरत बिन्द, का शव गांव के ही एक व्यक्ति के घर के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी हत्या अत्यंत नृशंस तरीके से की गई। घटना की सूचना मिलते ही झूंसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या आपसी पुरानी रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रही है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कराए गए हैं, ताकि आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।
