अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

माह-ए-रमज़ान का चांद दिखा, बाजारों में खरीदारी को उमड़ी भीड़

मस्जिदों में अदा की गई तरावीह की नमाज

प्रयागराज (वलीउल्ला खान).  प्रयागराज में माह-ए-रमज़ान का चांद दिखाई देने की आधिकारिक पुष्टि के साथ ही आज, बृहस्पतिवार को पहला रोज़ा रखा जा रहा है। सुन्नी और शिया दोनों समुदायों के उलेमा ने चांद दिखने की तस्दीक के बाद रमज़ान की शुरुआत का ऐलान किया।

जामा मस्जिद चौक से सुन्नी समुदाय की ओर से चांद देखे जाने की पुष्टि की गई, जबकि शिया जामा मस्जिद चक से मौलाना सैय्यद हसन रज़ा ज़ैदी और बख्शी बाज़ार स्थित मस्जिद के क़ाज़ी मौलाना जव्वादुल हैदर रिज़वी ने भी माह-ए-शाबान की 29 तारीख की शाम रमज़ान का चांद नजर आने की घोषणा की।

चांद की तस्दीक के साथ ही शहर की मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ अदा की गई। अनुमानित तौर पर करीब 300 छोटी-बड़ी मस्जिदों में देर रात तक नमाज़ियों की उपस्थिति रही। इबादतगाहों में विशेष दुआओं और क़ुरआन की तिलावत का सिलसिला शुरू हो गया है।

रमज़ान के आगाज़ की सूचना मिलते ही बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। सहरी से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं—अंडा, दूध, मक्खन, पावरोटी, सूत फेनी और फलों—की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देर रात तक उमड़ती रही।

उम्मुल बनीन सोसायटी के महासचिव सैय्यद मोहम्मद अस्करी के अनुसार, चांद की खबर मिलते ही कई इलाकों में लोगों ने खुशी का इज़हार किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद दी गई।

रमज़ान इस्लामी कैलेंडर का पवित्र महीना माना जाता है, जिसमें रोज़ा, नमाज़, दान और आत्मचिंतन को विशेष महत्व दिया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी महीने में पवित्र क़ुरआन का अवतरण हुआ था। शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी सतर्क है, ताकि इबादत और रोज़े के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button